ऑटो की टक्कर से घायल की इलाज के दौरान मौत


रोहतास। जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के नोनहर गांव निवासी करीब 50 वर्षीय नंदू चंद्रवंशी की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वह बीते मंगलवार को गांव से सूर्यपुरा बाजार आने के दौरान इलेक्ट्रिक ऑटो की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।नंदू चंद्रवंशी की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी निर्मला देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन अमरजीत कुमार ने बताया कि मृतक के दो पुत्र एवं एक पुत्री हैं और तीनों अभी नाबालिग हैं। नंदू की मौत के बाद परिवार के सामने बच्चों के भरण-पोषण एवं भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय इलेक्ट्रिक ऑटो चालक कथित रूप से शराब के नशे में था और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। इसी दौरान ऑटो ने नंदू चंद्रवंशी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालांकि, चालक के नशे में होने के आरोप की पुलिस स्तर से पुष्टि की जानी बाकी है।घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया। थानाध्यक्ष चंदन कुमार भगत ने बताया कि दुर्घटना में शामिल इलेक्ट्रिक ऑटो (बीआर-24 पीए-9265) को जब्त कर थाना लाया गया है। ऑटो बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के बलुआही गांव का बताया जा रहा है। घटना के बाद से चालक फरार है।थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों के आवेदन के आधार पर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।मृतक नंदू चंद्रवंशी नोनहर गांव निवासी स्व. पशुपति नाथ चंद्रवंशी के पुत्र थे। उनकी मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट