बरसठी में 75 क्विंटल से अधिक राशन गायब, कोटेदार पर मुकदमा
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Sep 04, 2026
- 4 views
36 कार्डधारकों का अंगूठा लगवाने के बाद भी नहीं दिया राशन, पहले भी लग चुका था जुर्माना
बरसठी, जौनपुर। क्षेत्र के चकमलाई गांव में सरकारी राशन वितरण में बड़ी अनियमितता सामने आई है। एक सितंबर को हुई अचानक जांच में कोटे की दुकान से 75.51 क्विंटल राशन और 60 किलो चीनी का स्टॉक कम मिला। मामले में पूर्ति विभाग की जांच के बाद गुरुवार को कोटेदार राजेश प्यारेलाल जैसवार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया।
जांच में दुकान पर 9.96 क्विंटल गेहूं, 64.95 क्विंटल चावल और 60 किलो चीनी कम मिली। इसके अलावा सितंबर माह में वितरण के लिए उठाया गया 32.50 क्विंटल चावल भी दुकान पर नहीं मिला। जांच के दौरान कोटेदार स्टॉक रजिस्टर भी प्रस्तुत नहीं कर सका। विभागीय जांच में 36 कार्डधारकों से ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन नहीं देने की शिकायत सामने आई। पूर्ति विभाग की टीम ने लाभार्थियों और उनके परिजनों के बयान भी दर्ज किए। दुकान पर स्टॉक बोर्ड, रेट बोर्ड, साइन बोर्ड समेत जरूरी सूचनाएं भी प्रदर्शित नहीं मिलीं। पूर्ति निरीक्षक रेन द्विवेदी के अनुसार, कोटेदार के खिलाफ पिछले सात-आठ महीने से शिकायतें मिल रही थीं। इससे पहले उसे नोटिस देने के साथ तीन हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था। इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद दुकान का अनुबंध निरस्त कर जिलाधिकारी की अनुमति से कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।


रिपोर्टर