थाने में आगंतुक जनसुनवाई कक्ष का उद्घाटन

एएसपी ग्रामीण व सीओ ने परखी पुलिस व्यवस्था, एक महीने में दूसरी नई बिल्डिंग का हुआ उद्घाटन


बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाने में जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी पहुंचे। एक महीने के भीतर दूसरी नई बिल्डिंग के रूप में नवनिर्मित आगंतुक एवं जनसुनवाई कक्ष का उद्घाटन किया गया। इससे पहले आदर्श भोजनालय कक्ष का भी उद्घाटन हो चुका है। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने थाना परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा की कामना की।

इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने थाने की पुलिस व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने साइबर कक्ष, मालखाना और सीसीटीएनएस अभिलेखों की जांच की। लंबित मामलों, अभिलेखों की स्थिति और पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को अभिलेखों को अपडेट रखने और लंबित कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई कक्ष के उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत सम्मानपूर्वक और गंभीरता से सुनी जाए। शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिसकर्मियों के व्यवहार में संवेदनशीलता के साथ पारदर्शिता और जवाबदेही भी दिखाई देनी चाहिए। साइबर कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मालखाने में जब्त सामान और अभिलेखों का मिलान करते हुए सामग्री को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने को कहा। सीसीटीएनएस रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाने की सभी व्यवस्थाएं अधिकारियों ने संतोषजनक पाईं। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव, अपराध निरीक्षक लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, अम्ब्रिश सिंह, अनिल यादव, सुरेंद्र सिंह, शैलेंद्र दुबे, राजकुमार वर्मा, अजय तिवारी, अनिल वर्मा, राजकुमार सिंह समेत थाने के सभी पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट