उत्पाद हाजत से अभियुक्त फरार, तीन गृहरक्षक हटाए गए

डीएम के निर्देश पर उच्चस्तरीय जांच गठित, दोषियों पर एफआईआर और कड़ी कार्रवाई

ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर:-- उत्पाद थाना, भभुआ की हाजत से शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार एक अभियुक्त के फरार होने की घटना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मामले में जिला पदाधिकारी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हाजत में प्रतिनियुक्त तीनों गृहरक्षकों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। वहीं, पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच टीम का गठन किया गया है। जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को मद्यनिषेध विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक मारुति सुजुकी कार से 358.350 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की थी। इस मामले में हरियाणा निवासी दीपक को गिरफ्तार कर उत्पाद थाना कांड संख्या 429/26 दर्ज किया गया था। हालांकि, 4 सितंबर की सुबह जांच के दौरान अभियुक्त उत्पाद हाजत, भभुआ में नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलते ही जिला पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षक, मद्यनिषेध को पूरे प्रकरण की गहन जांच कर दोषी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निर्देश के बाद अधीक्षक, मद्यनिषेध ने कार्यालय में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच की। प्रारंभिक अवलोकन में हाजत की सुरक्षा में प्रतिनियुक्त गृहरक्षकों की भूमिका संदिग्ध और लापरवाहीपूर्ण पाई गई। इसके बाद जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला समादेष्टा, कैमूर को पत्र भेजकर तीनों प्रतिनियुक्त गृहरक्षकों को तत्काल प्रभाव से हटाने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार, जांच का दायरा केवल गृहरक्षकों तक सीमित नहीं रखा गया है। घटना में किसी अन्य पदाधिकारी या कर्मी की लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आने पर उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले में संबंधित दोषियों के विरुद्ध मद्यनिषेध एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट