शराब ठेके के सामने विवाद के बाद युवक पर हमला, हत्या के प्रयास में आरोपी गिरफ्तार
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Sep 06, 2026
- 6 views
बरसठी, जौनपुर। क्षेत्र के परियत गांव में देशी शराब ठेके के सामने हुए विवाद के दौरान युवक पर हमला करने के मामले में हत्या के प्रयास में वांछित आरोपी को बरसठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात परियत स्थित देशी शराब ठेके के सामने गांव निवासी विकास सिंह और आशीष गौड़ के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आशीष गौड़ ने विकास सिंह पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह घायल हो गए।मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पर मौजूद है। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अम्ब्रीश कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ परियत गांव में दबिश देकर आरोपी आशीष गौड़ (20) पुत्र सुभाष गौड़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।


रिपोर्टर