बेदा बनरसियां में डबल मर्डर से सनसनी, घर में सो रहे महिला-पुरुष की गोली मारकर हत्या
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 07, 2026
- 1 views
रोहतास। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बेदा बनरसियां गांव में सोमवार को दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। घर में सो रहे एक महिला और पुरुष की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया।
मृतकों की पहचान बेदा बनरसियां निवासी नन्हकी देवी और बेतिया निवासी मनी भूषण कुमार के रूप में बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नन्हकी देवी के पति कृष्ण बिंद की मौत के बाद वह पिछले करीब तीन वर्षों से मनी भूषण कुमार के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। मनी भूषण कुमार बेदा बनरसियां में रहकर कृषि बीज की दुकान चलाता था।
मृतका के पुत्र अभिषेक ने बताया कि उसके पिता की मौत के बाद रिश्ते में चाचा लगने वाले मनी भूषण कुमार उसकी मां नन्हकी देवी के साथ रह रहे थे। दोनों घर में सोए हुए थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।
दोहरे हत्याकांड की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा हत्या के कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रोहतास एसपी मिस्टर राज भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि महिला और पुरुष की हत्या के मामले में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है और घटना के कारणों तथा इसमें शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस अधीक्षक श्री राज रोहतास, के द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है, कांड के सफल उद्दभेदन हेतु SDPO सासाराम के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया है ।


रिपोर्टर