एसडीएम सासाराम ने करगहर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 08, 2026
- 1 views
रोहतास। मंगलवार अनुमंडल पदाधिकारी, सासाराम श्रीमती प्रिया रानी द्वारा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, करगहर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी संचिकाओं एवं अभिलेखों को हमेशा अद्यतन रखने तथा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यालय आने वाले लोगों के साथ कुशल व्यवहार करने, उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से समझने तथा नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। लंबित मामलों के निष्पादन में विभागीय दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार अविलंब कार्रवाई का निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली।
इसके पश्चात अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा करगहर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय निमडिहरा, बालिका उच्च विद्यालय खरारी, प्राथमिक विद्यालय सहुआड़ एवं उर्दू विद्यालय बभनी का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें नियमित विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रधानाध्यापकों से विद्यालय की संचिकाओं एवं अभिलेखों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।।


रिपोर्टर