भूमिहीन परिवारों को भूमि वंदोवस्ती पर्चा एवं दखल कब्जे कराया गया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 08, 2026
- 1 views
रोहतास ।राज्य सरकार की लोक-कल्याणकारी एवं जनोन्मुखी प्रशासन की प्रतिबद्धता के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार भूमि बंदोबस्ती का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गयी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी, दीपक कुमार मिश्र.द्वारा फुलेन्द्र प्रसाद पासवान एवं संतोष कुमार, पत्नी–श्रीमती नीतू देवी को बंदोबस्ती पर्चा प्रदान किया गया।
दोनों लाभार्थी भूमिहीन थे तथा लंबे समय से भूमि बंदोबस्ती एवं उस पर दखल-कब्जा प्राप्त किये जाने की अपेक्षा रखते थे। प्रकरणों की समीक्षा एवं आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई के उपरांत दोनों लाभार्थियों के पक्ष में नियमानुसार भूमि बंदोबस्ती की कार्रवाई पूर्ण करते हुए बंदोबस्ती पर्चा उपलब्ध कराया गया तथा संबंधित भूमि पर उनका दखल-कब्जा भी सुनिश्चित कराया गया। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों को स्वयं बंदोबस्ती पर्चा प्रदान करते हुए कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं राजस्व संबंधी प्रावधानों का वास्तविक उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक उसका लाभ पहुँचाना है। भूमिहीन परिवारों को भूमि का अधिकार उपलब्ध कराना उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों में पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने हेतु संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई की जा रही है। फुलेन्द्र प्रसाद पासवान द्वारा सहयोग पोर्टल के माध्यम से भूमि बंदोबस्ती से संबंधित परिवाद दर्ज कराया गया था। आवेदक द्वारा बताया गया था कि भूमिहीन होने के बावजूद भूमि बंदोबस्ती नहीं हो सकी थी। परिवाद के आलोक में संबंधित अंचल द्वारा कार्रवाई करते हुए उन्हें भूमि बंदोबस्ती पर्चा उपलब्ध कराया गया तथा दखल-कब्जा सुनिश्चित कराया गया। इसी प्रकार नीतू देवी से संबंधित प्रकरण में भी भूमि बंदोबस्ती की कार्रवाई पूर्ण करते हुए उनके पति संतोष कुमार को बंदोबस्ती पर्चा प्रदान किया गया तथा संबंधित भूमि पर दखल-कब्जा दिलाया गया। इस अवसर पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। लाभार्थियों द्वारा भूमि बंदोबस्ती एवं दखल-कब्जा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


रिपोर्टर