खेत में घास के बीच रोता मिला नवजात
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 11, 2026
- 3 views
रोहतास। काराकाट थाना क्षेत्र के किशुआड़ी गांव में गुरुवार को इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया। खेत में काम कर रहे किसानों को झाड़ियों के बीच जिनोरी घास पर एक नवजात शिशु रोते हुए मिला। नवजात के रोने की आवाज सुनकर किसान लीलावती कुमारी, उनके देवर विनोद कुमार और पुत्री सीता कुमारी मौके पर पहुंचे।असुरक्षित हालत में खेत के बीच पड़े नवजात को देखकर लीलावती कुमारी ने तत्काल उसे गोद में उठा लिया। ग्रामीणों के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नवजात को खेत में छोड़ दिया गया था। इसके बाद किसान नवजात को गुप्तेश्वर यादव के मकान के पास ले गए और उसे छाया में सुरक्षित रखा।इसी दौरान ग्रामीणों द्वारा डायल-112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डायल-112 के अनुज कुमार ने तत्परता दिखाते हुए काराकाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस से नवजात को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक टीका लगाया।फिलहाल नवजात को ममता दीदी एवं चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। काराकाट थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि नवजात को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
“मेरा कोई भाई नहीं है, मैं इसे अपने पास रखूंगी”
नवजात को गोद में लेने के बाद किसान लीलावती की पुत्री सीता कुमारी भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा, “मेरा कोई भाई नहीं है, मैं इसे अपने पास रखूंगी।” उनकी मां लीलावती ने भी नवजात को अपने पास रखने की इच्छा जताई।हालांकि, चिकित्सकों एवं पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाया कि बच्चे को गोद लेने की प्रक्रिया कानून के अनुसार ही पूरी होगी और सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बाद ही इस संबंध में कोई निर्णय लिया जा सकेगा।फिलहाल खेत में लावारिस हालत में मिले इस नवजात को समय रहते ग्रामीणों की नजर पड़ने और पुलिस की तत्परता से सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, बच्चे को खेत में छोड़ने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान को लेकर पुलिस स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


रिपोर्टर