पानी निकासी को लेकर डीएम ने किया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 13, 2026
- 2 views
रोहतास सासाराम शहर के दक्षिणी हिस्से में लंबे समय से जलजमाव की समस्या की शिकायत मीडिया, सोशल मीडिया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से रोहतास जिला प्रशासन को मिल रही थी। कोटा,दलेलगंज, कादिरगंज एवं शाहजलालपीर मुहल्ले के लोगों को राहत दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जल-निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र द्वारा कादिरगंज पहुँचकर माँ ताराचंडी धाम से निकलने वाली कुदरा नदी की मुख्य धारा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने नदी के प्रवाह,जल-निकासी की स्थिति एवं संभावित अवरोधों का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने स्थानीय लोगों से संवाद कर जलजमाव की समस्या और नदी की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। चर्चा के दौरान कादिरगंज से सपुल्लहगंज होते हुए लखनुसराय तक कुदरा नदी की मुख्य धारा की सफाई कर जलप्रवाह को सुचारु बनाने की संभावना सामने आयी है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कुदरा नदी की मुख्य धारा पर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित कर नियमानुसार नोटिस जारी करने तथा विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि बहुत जल्द जल निकासी को बेहतर बनाने की दिशा में कारवाई कर दी जायेगी। इस दौरान नगर आयुक्त,नगर निगम सासाराम, विशेष कार्य पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सासाराम एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर