शहाबाद दुग्ध उत्पादन संघ के डेयरी प्रोडक्ट्स का निरीक्षण डीएम ने किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 16, 2026
- 2 views
रोहतास।जिलाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा द्वारा शाहाबाद दुग्ध संघ, आरा की इकाई रोहतास डेयरी प्रोजेक्ट, डेहरी ऑन सोन का भ्रमण किया गया। इस अवसर पर डेयरी परिसर में संचालित विभिन्न गतिविधियों, दुग्ध उत्पादन एवं प्रसंस्करण से संबंधित कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
भ्रमण के क्रम में रोहतास डेयरी प्रोजेक्ट परिसर में Goat Farm (बकरी पालन केन्द्र) के निर्माण की प्रस्तावित योजना की समीक्षा की गई। प्रस्तावित योजना के अंतर्गत लगभग 200 बकरियों के पालन
तथा उनसे प्राप्त दुग्ध के संग्रहण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं विपणन की दिशा में कार्य किए जाने पर चर्चा की गई। साथ ही पशुपालकों को उनके द्वारा उपलब्ध कराए गए दुग्ध के भुगतान की राशि DAT के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाने की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी द्वारा जिले में नई दुग्ध समितियों के गठन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान दुग्ध उत्पादकों को दुग्ध सहकारी समितियों से जोड़ने, दुग्ध संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा अधिक से अधिक पशुपालकों को संगठित दुग्ध उत्पादन व्यवस्था से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने एवं अधिक से अधिक पशुपालकों को दुग्ध सहकारी व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया गया।
भ्रमण के दौरान 30 मीट्रिक टन क्षमता वाले दुग्ध चूर्ण (Milk Powder) संयंत्र के निर्माण / स्थापना से संबंधित कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी द्वारा परियोजना की प्रगति, संयंत्र की उपयोगिता तथा डेयरी क्षेत्र में इसके संभावित योगदान के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई।
जिलाधिकारी द्वारा रोहतास डेयरी प्रोजेक्ट के विभिन्न अनुभागों का भ्रमण कर यहां निर्मित किए जा रहे विभिन्न दुग्ध एवं दुग्धजन्य उत्पादों का अवलोकन किया गया। इस क्रम में पैकेज्ड दूध सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के उत्पादन, पैकेजिंग, गुणवत्ता एवं आपूर्ति व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। डेयरी परिसर में अपनाई जा रही उत्पादन एवं पैकेजिंग प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों द्वारा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी श्री नीलेश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री विनय प्रताप, प्रबंध निदेशक, शाहाबाद दुग्ध संघ, आरा श्री अमित कुमार सुमन तथा मुख्य कार्यपालक, रोहतास डेयरी प्रोजेक्ट श्री आनंद अमित एवं शाहाबाद के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।


रिपोर्टर