बाबा विश्वकर्मा की पूजा हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया


 मशीनों-औजारों की पूजा कर शिल्पकारों ने की सुख-समृद्धि की कामना


रोहतास।शिल्प और सृजन के देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर गुरुवार को पूरा रोहतास जिला भक्तिमय हो गया। सुबह से ही कारखानों, वर्कशॉप, फैक्ट्रियों, निर्माण स्थलों और दुकानों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई।भगवान विश्वकर्मा को दुनिया का पहला इंजीनियर और वास्तुकार माना जाता है। मान्यता है कि इन्होंने ही देवताओं के लिए महलों, अस्त्र-शस्त्रों और पुष्पक विमान का निर्माण किया था। इसी कारण हर साल कन्या संक्रांति के दिन लोहार, बढ़ई, मिस्त्री, इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिक और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े सभी शिल्पकार अपने औजारों और मशीनों की पूजा कर उन्हें सम्मान देते हैं। जिले के विभिन्न बाजार, औद्योगिक क्षेत्र और दर्जनों वर्कशॉप में सुबह से ही चहल-पहल देखी गई। कारीगरों ने अपने औजारों, हथौड़ा, आरी, रिंच, लेथ मशीन, ट्रैक्टर और वाहनों को धो-पोंछकर, फूल-माला और सिंदूर से सजाकर पूजा की। पूजा के बाद प्रसाद वितरण और भंडारे का भी आयोजन किया गया।एक वर्कशॉप संचालक ने कहा हमारे लिए औजार ही भगवान हैं, इन्हीं से हमारे परिवार का पेट चलता है। आज के दिन इनकी पूजा कर हम भगवान विश्वकर्मा से साल भर काम में बरकत और सुरक्षा की प्रार्थना करते हैं।वहीं एक युवा मिस्त्री ने भावुक होते हुए कहा,"बाबा विश्वकर्मा ने हमें हुनर दिया है। हम यही मांगते हैं कि हमारा हाथ कभी न रुके और हम अपने हुनर से देश के निर्माण में लगे रहें।दिन भर डीजे पर विश्वकर्मा पूजा के भक्ति गीत बजते रहे और पूरा वातावरण "जय श्री विश्वकर्मा" के जयकारों से गूंजता रहा। बिक्रमगंज।विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल, बिक्रमगंज अंतर्गत 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर विभिन्न विद्युत कार्यालयों एवं प्रशाखाओं में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्युत कार्यालयों, प्रशाखाओ में भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। विद्युत विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा से विद्युत उपकरणों, मशीनरी एवं तकनीकी संसाधनों की सुरक्षा तथा विभागीय कार्यों के सफल संचालन की कामना की। सहायक विद्युत अभियंता, बिक्रमगंज राज कुमार ने बताया कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प एवं तकनीकी कौशल का देवता माना जाता है। विद्युत विभाग में मशीनरी एवं तकनीकी उपकरणों का महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर इन उपकरणों की विधिवत पूजा-अर्चना कर उनकी सुरक्षा एवं सुचारू संचालन की कामना की गई। उन्होंने सभी विद्युत कर्मियों को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया। पूजा कार्यक्रम में विभागीय पदाधिकारियों, अभियंताओं एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सभी ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट