पुरानी परिसंपत्तियों का होगा कायाकल्प, पोर्टल पर दर्ज होगा योजनाओं का पूरा ब्योरा


सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, विभागवार जिम्मेदारी तय


रोहतास। जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की पूर्व से अवस्थित परिसंपत्तियों के उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर कायाकल्प पोर्टल पर दर्ज कराने का निर्देश सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों को दिया गया।


बैठक में उप विकास आयुक्त, असैनिक शल्य चिकित्सक, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।


जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने विभाग से जुड़ी पूर्व से अवस्थित परिसंपत्तियों के उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित योजनाओं का विवरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर कायाकल्प पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें। इससे जिले में उपलब्ध परिसंपत्तियों की स्थिति एवं उनके विकास से संबंधित योजनाओं का समुचित अनुश्रवण किया जा सकेगा।


बैठक में विभागवार डाटा दर्ज करने की जिम्मेदारी भी स्पष्ट की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी केवल ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित योजनाओं का डाटा कायाकल्प पोर्टल पर दर्ज करेंगे। अन्य विभागों से संबंधित योजनाओं एवं परिसंपत्तियों का विवरण संबंधित विभाग के जिला स्तरीय पदाधिकारी द्वारा पोर्टल पर दर्ज कराया जाएगा।


अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों को अपने स्तर से आवश्यक पत्र निर्गत करने का निर्देश दिया गया। वहीं, ग्रामीण विकास विभाग द्वारा भी इस संबंध में अलग से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।


अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप सभी निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता दें और योजनाओं एवं परिसंपत्तियों का विवरण ससमय कायाकल्प पोर्टल पर दर्ज कराना सुनिश्चित करें।


बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिला स्तरीय बैठक से पूर्व विकास आयुक्त की अध्यक्षता में सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान को लेकर सभी संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव एवं सचिव के साथ बैठक आयोजित की गई थी। इसमें जिला स्तर के संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे तथा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए थे।


बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों से अभियान को गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ लागू करने तथा निर्धारित कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट