बंद घर का ताला तोड चोरी करने वाले को पुलिस ने पकड़ा


रोहतास।चेनारी थाना क्षेत्र के डीहरिया गाँव स्थित एक बंद मकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में पुलिस ने चोरी की सामग्री खरीदने वाले सुनार सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए पीतल के भारी बर्तन और नकद राशि भी बरामद कर ली है।

सासाराम एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 14 अक्टूबर की रात डीहरिया गाँव निवासी बिगू बिंद के बंद पड़े मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया था। गृहस्वामी के लिखित आवेदन पर चेनारी थाने में कांड संख्या 377/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर डीहरिया निवासी संजय बिंद और वाल्मीकि कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चेनारी के गांधी चौक स्थित ‘न्यू स्वर्णिका आभूषण एवं बर्तन दुकान’ में छापेमारी कर चोरी का सामान बरामद किया। साथ ही दुकान संचालक आकाश कुमार सहित चोरी में शामिल अरुण कुमार, सरोज कुमार, संतोष कुमार और छोटन बिंद को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा बरामद सामानों में पीतल के दो बड़े गगरा, कलश, बाल्टी, कठौती, कड़ाही, थाली, प्लेट, लोटा, ढक्कन, कलछुल, दो ग्लास तथा 2,000 रुपये नकद शामिल हैं। इस सफल उद्भेदन टीम में सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार, देवमुनी यादव, आनंद कुमार, प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टर गुड्डू कुमार और थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट