डीएम ने आधार केंद्र का किया उद्घाटन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 02, 2026
- 2 views
रोहतास । रविवार को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा रोहतास जिले में अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा द्वार UIDAI के अधिकारियों, आधार सेवा केंद्र के कर्मचारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने UIDAI के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने केंद्र पर आए निवासियों एवं वहां उपस्थित कर्मचारियों से बातचीत कर आधार नामांकन एवं अपडेट की प्रक्रियाओं की जानकारी ली। साथ ही केंद्र पर उपलब्ध विभिन्न आधार सेवाओं एवं सुविधाओं का जायजा भी लिया।
इस आधार सेवा केंद्र में चार परिचालन किट उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके माध्यम से रोहतास जिले के हजारों लोगों को सुगम एवं निर्बाध आधार सेवाएं प्रदान की जाएंगी। यह केंद्र सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर सभी दिनों में संचालित होगा। यहां एक ही स्थान पर आधार नामांकन, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट, शिकायत निवारण सहित आधार से संबंधित अन्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर UIDAI राज्य कार्यालय, बिहार के निदेशक श्री राजीव उपाध्याय ने बताया कि रोहतास में इस केंद्र के शुभारंभ के साथ ही बिहार में UIDAI द्वारा संचालित आधार सेवा केंद्रों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में राज्य के विभिन्न जिलों में नौ और आधार सेवा केंद्र खोले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि UIDAI द्वारा संचालित आधार सेवा केंद्रों को पूरी तरह समावेशी एवं निवासी-अनुकूल बनाया गया है। यहां व्हीलचेयर की सुविधा, सुगम शौचालय तथा समर्पित शिकायत निवारण व्यवस्था उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, निवासी UIDAI के ऑनलाइन अपॉइंटमेंट पोर्टल के माध्यम से अग्रिम अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं।


रिपोर्टर