वन्यप्राणी सप्ताह पर मुंडेश्वरी ईको पार्क में पेंटिंग, निबंध व क्विज प्रतियोगिता आयोजित
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 04, 2026
- 4 views
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:-- वन्यप्राणी सप्ताह–2026 के अवसर पर कैमूर वन प्रमंडल द्वारा शनिवार को माँ मुंडेश्वरी वन्यप्राणी ईको पार्क, मुंडेश्वरी में छात्र-छात्राओं के बीच पेंटिंग, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनमें प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना था। प्रतियोगिता में कैमूर वन प्रमंडल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के कुल 70 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें उत्क्रमित मध्य विद्यालय कूड़वा, राजकीयकृत उच्च विद्यालय रामगढ़, राजकीयकृत उच्च विद्यालय सरैया तथा उच्च विद्यालय पहाड़िया के विद्यार्थियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने वन, वन्यजीव एवं पर्यावरण संबंधी विषयों पर अपने ज्ञान का परिचय दिया। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने विद्यार्थियों को वन्यजीवों के संरक्षण, उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्हें प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन्यप्राणी सप्ताह–2026 के दौरान जन-जागरूकता बढ़ाने और छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि वन्यजीव संरक्षण के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता विकसित की जा सके।


रिपोर्टर