शराब बिक्री से परेशान ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर फेंके शराब के पैकेट, तीन घंटे तक आवागमन हुआ अवरुद्ध
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 26, 2026
- 5 views
आरोप - शराबियों द्वारा प्रतिदिन पीने के बाद पूरे गांव में गाली-गलौज के साथ ही महिलाओं को देख कसी जाती है फब्तियां
आक्रोश देख मुख्य कारोबारी की तलाश में प्रशासन, कई ठिकानों पर छापेमारी
ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर :-- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुबनी टोला में अवैध शराब की बिक्री से त्रस्त ग्रामीणों का सब्र बुधवार को जवाब दे गया। सुबह से ही टोले में आक्रोश का माहौल था। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और युवा कुदरा-परसथुआं मार्ग पर उतर आए। ग्रामीणों ने अपने हाथों में शराब के खाली पैकेट लेकर सड़क पर फेंक दिए
और कथराईं मोड़ के पास सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया।
जाम के कारण करीब तीन घंटे तक इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा। सड़क के दोनों ओर ट्रक, बस, ऑटो, बाइक और साइकिल सवारों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूली बच्चे, मरीज और दफ्तर जाने वाले लोग घंटों फंसे रहे। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक प्रशासन ठोस कार्रवाई का भरोसा नहीं देगा, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे।
कैसे बिगड़ा गांव का माहौल
ग्रामीणों के अनुसार मधुबनी टोला में पिछले लंबे समय से शराब का कारोबार चल रहा है। पहले यह काम छिपकर होता था, लेकिन अब यह खुलेआम होने लगा है। शाम ढलते ही टोले के कुछ खास स्थानों पर शराबियों का जमावड़ा लग जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि शराब पीने के बाद नशे में धुत लोग गांव की गलियों में घूमते हैं, जोर-जोर से गाली-गलौज करते हैं, आपस में झगड़ा करते हैं और आने-जाने वाली महिलाओं और बेटियों को देखकर फब्तियां कसते हैं। इससे गांव की महिलाएं शाम के बाद घर से बाहर निकलने में डरने लगी हैं। बच्चों की पढ़ाई और गांव का सामाजिक माहौल भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
एक ग्रामीण महिला ने कहा कि उनके घर के सामने ही अक्सर शराबी बैठ जाते हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी दी जाती है। कई बार घर में घुसकर मारपीट की नौबत भी आ जाती है।
युवाओं पर पड़ रहा बुरा असर
ग्रामीणों का कहना है कि शराब की आसान उपलब्धता के कारण गांव के युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। जो युवा पहले खेती और मजदूरी में लगे रहते थे, वे अब नशे की लत में पड़कर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। घरों में कलह बढ़ रही है। कई परिवारों में कमाई का बड़ा हिस्सा शराब में ही खर्च हो जा रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस कारोबार में कथित रूप से शामिल कन्हैया राम पर शराब बेचने के साथ ही स्थानीय निवासियों के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज करने का भी आरोप है। लोगों का कहना है कि शिकायत करने पर उन्हें ही डराया-धमकाया जाता है।
प्रशासन पर भी उठे सवाल
आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार कुदरा थाना सहित अन्य अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से सूचित किया गया, लेकिन हर बार कुछ ले-देकर मामले को दफा कर दिया जाता है।
ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते इस पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो स्थिति और बिगड़ सकती है। गांव में कभी भी बड़ी घटना घट सकती है। इसलिए वे अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं।
पुलिस पहुंची, आरोपित के घर पर दबिश
सड़क जाम की खबर मिलते ही कुदरा पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपित के घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश में अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है। पुलिस ने ग्रामीणों से कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मामले को लेकर मोहनिया एसडीपीओ ने बताया कि ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री पर प्रभावी और स्थायी रोक लगाई जाए और कथित तौर पर लोगों को परेशान करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों की पांच प्रमुख मांगें
1. मधुबन टोला और आसपास के क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल और स्थायी रोक लगे।
2. कथित कारोबारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
3. गांव में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, विशेषकर शाम के समय।
4. शराबियों द्वारा महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और गाली-गलौज की घटनाओं पर रोक लगे।
5. शिकायत करने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
पुलिस के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना विरोध समाप्त किया। इसके साथ ही कथराईं मोड़ पर बाधित यातायात बहाल हुआ और लोग राहत की सांस ले सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध शराब के कारोबार पर रोक नहीं लगी और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे फिर से सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


रिपोर्टर