निगरानी का बड़ा छापा, कार्यपालक अभियंता के ठिकानों से 10 करोड़ की जमीन के दस्तावेज मिलने का दावा!
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 26, 2026
- 2 views
रोहतास।बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के पटना, भागलपुर, नवगछिया, कटिहार, मुंगेर और सासाराम स्थित छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई है। गुरुवार को निगरानी ब्यूरो की छह अलग-अलग टीमों ने आवास और कार्यालयों में तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से ग्रामीण कार्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
1.52 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का मामला
निगरानी थाना कांड संख्या 137/26, दिनांक 23 नवंबर 2026 के तहत अजीत कुमार दास के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ 1 करोड़ 52 लाख 4 हजार 880 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज है।
जांच में अभियुक्त, उनकी पत्नी और परिजनों के नाम पर कुल 16 अचल संपत्तियां पाई गई हैं, जिनका मूल्य 2 करोड़ 54 लाख 24 हजार 880 रुपये बताया गया है। इसके अतिरिक्त तीन चल संपत्तियों का मूल्य 12 लाख 30 हजार रुपये आंका गया है। निगरानी ब्यूरो के मुताबिक, ये संपत्तियां उनकी ज्ञात आय से लगभग 80 प्रतिशत अधिक हैं।
सिलीगुड़ी में पत्नी के नाम पर 92 डिसमिल जमीन, 10 करोड़ से अधिक कीमत का अनुमान
छापेमारी के दौरान सबसे बड़ा खुलासा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से जुड़ा है। निगरानी टीम को सिलीगुड़ी के महंगे व्यावसायिक इलाके में वर्ष 2021 के दौरान खरीदी गई जमीन के 10 डीड मिले हैं। कुल 92 डिसमिल जमीन अभियुक्त की पत्नी के नाम पर होने की बात सामने आई है।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, इस संपत्ति को अभियुक्त ने अपने वार्षिक संपत्ति विवरण में प्रदर्शित नहीं किया था। स्थानीय बाजार भाव के आधार पर इस जमीन की कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान लगाया गया है। उल्लेखनीय है कि जमीन की खरीद के समय अजीत कुमार दास किशनगंज में ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता के पद पर पदस्थापित थे।
पटना के दो फ्लैट और बैंक-शेयर में निवेश के दस्तावेज बरामद
तलाशी के दौरान निगरानी टीम को पटना स्थित दो फ्लैटों के डीड तथा बैंक, शेयर और एलआईसी में निवेश से संबंधित कागजात मिले हैं। इसके अलावा अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
कटिहार के किराये के मकान से लेकर सासाराम कार्यालय तक तलाशी
निगरानी टीम ने कटिहार के गौशाला चौक, मनिहारी रोड स्थित सुरेश सिंह के किराये के मकान में भी तलाशी ली। वहीं, सासाराम स्थित अधीक्षण अभियंता, जांच एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रमंडल कार्यालय में भी जांच-पड़ताल की गई।
इन जिलों में विभिन्न पदों पर रहे कार्यरत
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, अजीत कुमार दास वर्ष 2014 से 2017 तक मढ़ौरा, छपरा में सहायक अभियंता, 2017 से 2020 तक वारसोई, कटिहार, 2020 से 2024 तक किशनगंज, 2024 से 2025 तक सासाराम गुणवत्ता नियंत्रण लैब, 2025 से जून 2026 तक भागलपुर प्रमंडल तथा जुलाई 2026 से सासाराम प्रमंडल में जांच एवं गुणवत्ता से संबंधित पद पर कार्यरत रहे हैं।
फिलहाल जांच और तलाशी जारी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, तलाशी के दौरान बरामद संपत्ति और निवेश से संबंधित सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सिलीगुड़ी की जमीन समेत अन्य संपत्तियों के वास्तविक मूल्य और स्रोत का सत्यापन किया जाएगा। मामले में अनुसंधान जारी है। अब निगरानी की आगे की जांच में कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।


रिपोर्टर