आय से अधिक संपत्ति के मामले में सासाराम के कार्यपालक अभियंता के पांच ठिकानों पर निगरानी का छापा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 26, 2026
- 2 views
रोहतास। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। वर्तमान में उनकी पदस्थापना सासाराम में है। इससे पहले वे भागलपुर डिवीजन में कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत थे।
निगरानी विभाग की अलग-अलग टीमों ने पटना, कटिहार, सासाराम, नवगछिया और भागलपुर में उनके आवासीय एवं अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। आरोप है कि उन्होंने अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से करीब 1.50 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है। इस मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 137/26, दिनांक 23 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जांच के अनुसार, पटना में उनके निर्माणाधीन मकान, कटिहार में किराये के आवास और नवगछिया के तेतरी स्थित पैतृक आवास की भी तलाशी ली गई। हालांकि, तेतरी स्थित पैतृक घर से फिलहाल जब्ती योग्य कोई दस्तावेज नहीं मिलने की जानकारी है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के वरीय डीएसपी विकास कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, गोपनीय शिकायत के बाद जांच में आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आया था। फिलहाल पांचों ठिकानों पर तलाशी और दस्तावेजों की जांच जारी है।


रिपोर्टर