स्टार्टप मार्केट कनेक्ट 2026’ ‘फ्रॉम लोकल इनोवेशन टू मार्केट अपॉर्चुनिटीज़’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 26, 2026
- 1 views
रोहतास। उद्योग विभाग, बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘स्टार्टअप बिहार’ के अंतर्गत शेरशाह अभियंत्रण महाविद्यालय, सासाराम के स्टार्टअप सेल द्वारा एक दिवसीय राज्यव्यापी कार्यक्रम ‘स्टार्टअप बिहार – मार्केट कनेक्ट 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। ‘फ्रॉम लोकल इनोवेशन टू मार्केट अपॉर्चुनिटीज़’ (स्थानीय नवाचार से बाजार के अवसरों तक) विषय पर आधारित यह कार्यक्रम बिहार के सभी 38 जिलों के 47 स्टार्टअप सेल में एक साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में शेरशाह अभियंत्रण महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, उभरते उद्यमियों एवं रोहतास जिले के स्टार्टअप संस्थापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर विकसित नवाचारों को व्यावसायिक स्वरूप प्रदान करना, युवाओं को बाजार की संभावनाओं से जोड़ना तथा स्टार्टअप को बाजार तक पहुंच बनाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य डॉ. मनीष कुमार के संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक एवं डिजिटल युग में किसी भी नवाचार की वास्तविक सफलता तभी संभव है, जब वह प्रयोगशाला से निकलकर बाजार और आम उपभोक्ताओं तक पहुंचे। उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने वाले के बजाय नवाचार, तकनीक एवं उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजनकर्ता बनने का आह्वान किया। साथ ही संस्थान में उद्यमशीलता की संस्कृति विकसित करने में स्टार्टअप सेल के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जिला उद्योग केंद्र, रोहतास के महाप्रबंधक श्री आशीष रंजन एवं प्रोजेक्ट मैनेजर श्री जितेंद्र कुमार उपस्थित रहे। महाप्रबंधक श्री आशीष रंजन ने उद्योग विभाग, बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं, औद्योगिक नीतियों एवं नए उद्यमियों के लिए उपलब्ध सरकारी प्रोत्साहनों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपने नवाचारों को उद्यम के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, प्रोजेक्ट मैनेजर श्री जितेंद्र कुमार ने उद्यमिता विकास, परियोजना निर्माण तथा स्टार्टअप के लिए उपलब्ध संस्थागत सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इंचार्ज श्री शैलेश सौरभ ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह कार्यशाला युवाओं की रचनात्मक सोच एवं नवाचार को व्यावसायिक सफलता में परिवर्तित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने प्रतिभागियों को बाजार की वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उनके तकनीकी एवं व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
स्टार्टअप सेल के कोऑर्डिनेटर श्री नीतीश कुमार दुबे ने ‘स्टार्टअप बिहार’ की नीतियों, ₹10 लाख तक की सीड फंडिंग, मेंटरशिप एवं मार्केट एक्सेस सपोर्ट के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान का स्टार्टअप सेल जिले के नवाचारी युवाओं एवं स्टार्टअप संस्थापकों को ब्रांडिंग, मार्गदर्शन और बाजार विस्तार की दिशा में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के ऑफलाइन सत्र में मुख्य वक्ता श्री दीपक ने बाजार की चुनौतियों एवं संभावनाओं पर व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को स्थानीय उत्पादों एवं नवाचारों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने, डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (D2C) मॉडल अपनाने, ग्राहक विश्वास विकसित करने तथा कम लागत में प्रभावी मार्केटिंग रणनीति तैयार करने के महत्वपूर्ण तरीके बताए।
इसके अतिरिक्त ऑनलाइन माध्यम से जुड़े राज्य स्तरीय विशेषज्ञों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने डिजिटल कॉमर्स के विभिन्न आधुनिक आयामों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांड बिल्डिंग, सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन (SEO), परफॉर्मेंस मार्केटिंग, लॉजिस्टिक्स एवं पेमेंट इंटीग्रेशन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही Amazon, Flipkart, Meesho एवं ONDC जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सेलर रजिस्ट्रेशन, उत्पादों की लिस्टिंग एवं कैटलॉग प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान किया गया। प्रत्येक स्टार्टअप एवं छात्र समूह को अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए कम से कम तीन ठोस प्राथमिकताओं के साथ ‘मार्केट एक्सेस एक्शन प्लान’ तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अभिषेक, प्रखर सहित महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं, उभरते उद्यमी एवं स्टार्टअप संस्थापक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नवाचार आधारित उद्यमिता, सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता एवं डिजिटल बाजार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। यह आयोजन जिले में स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय नवाचारों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक सार्थक प्रयास साबित हुआ।


रिपोर्टर