पार्टी के कार्यकर्ता टीकाकरण के लिए समाज को प्रेरित करें - केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे

दुर्गावती से संवाददाता धीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट


दुर्गावती ( कैमूर )।। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कैमूर जिले के भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। कोरोना की मौजूदा स्थिति और पार्टी द्वारा जारी सेवा कार्यो से अवगत हुए। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जिला प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए कोरोना के जो दिशानिर्देश हैं, उसका पालन कर लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध कराएं। समाज को टीकाकरण के लिए जागृत करें। कोरोना के विरुद्ध जंग में टीकाकरण एक महत्वपूर्ण  सुरक्षा कवच है। अपनी बारी आने पर निश्चित तौर पर टीकाकरण कराएं। दूसरों को भी इसके लिए लगातार प्रयास करते रहें। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री चौबे को पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने जिले की कोरोना की स्थिति एवं अन्य जानकारियों से अवगत कराया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी के कार्यकर्ता जुड़े। पूर्व विधायक रिंकी रानी पांडे ने केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री चौबे को बताया कि  प्रशासन सजग है। ग्रामीण स्तर पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री  चौबे ने बताया कि हाल ही में  जिला प्रशासन के डीडीसी से बात हुई थी। उन्हें निर्देशित किया गया है कि ग्रामीण इलाकों में विशेष ध्यान दें। कैमूर के प्रभारी सिविल सर्जन से भी पैनी नजर रखने को कहा गया है। कैमूर में ऑक्सीजन प्लांट दिया गया है इससे काफी राहत मिलेगी। रामगढ़ में भी प्रयास हो रहा है कि वहां भी ऑक्सीजन प्लांट लगे।  कैमूर सीमावर्ती जिला है। ऐसे में वहां पर विशेष ध्यान देने को जिला प्रशासन को कहा गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता दारा सिंह, निरंजन राम,मोहन जायसवाल, कृपाशंकर चौबे आदि सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कोरोना की मौजूदा स्थिति एवं उपचार संबंधी जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। सभी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सभी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए सेवा के कार्य में जुटे हुए हैं। मास्क वितरण एवं सिटी स्कैन आदि की सुविधा की ओर भी ध्यान आकर्षित कराया। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री चौबे ने कहा कि लगातार समीक्षा की जा रही है। किसी भी तरह की कोई परेशानी होने पर मेरे कार्यालय के अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि जिला प्रशासन का सहयोग करते हुए लोगों तक मदद पहुंचे इस के लिए हमेशा तत्पर रहें। विषम परिस्थितियों में जनसेवा को ही संगठन कार्य मानकर निष्ठा पूर्वक जनता की मदद करते रहें।  कोरोना के विरुद्ध जंग को हम सभी हर हाल में जीतेंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट