
नवपदस्थापित जिलाधिकारी सुनील कुमार ने किया कार्यभार ग्रहण
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, ब्यूरो चीफ कैमूर
- Jun 03, 2025
- 87 views
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर-- नवपदस्थापित जिलाधिकारी सुनील कुमार ने समाहरणालय परिसर में अपने पूर्ववर्ती जिलाधिकारी सावन कुमार से औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण से पूर्व सुनील कुमार ने जिले की आस्था का केंद्र माँ मुंडेश्वरी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रसाद ग्रहण कर समाहरणालय पहुंचे। समाहरणालय पहुंचने पर पूर्ववर्ती जिलाधिकारी सावन कुमार द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके पश्चात सुनील कुमार ने जिला कोषागार का निरीक्षण किया एवं औपचारिक रूप से जिला पदाधिकारी का प्रभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने अपने पूर्ववर्ती जिलाधिकारी सावन कुमार के साथ जिले की महत्वपूर्ण समस्याओं, जनता की अपेक्षाओं एवं विकासात्मक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। तत्पश्चात उन्होंने जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा भी की। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया जहां उन्होंने कहा कि सरकार की सभी महत्वपूर्ण एवं कल्याणकारी योजनाओं को ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पूर्ववर्ती जिलाधिकारी सावन कुमार द्वारा जिले को विकास के जिस स्तर तक लाया गया है, उसे मैं और आगे ले जाने का सतत प्रयास करूंगा। समाज के वांछित एवं वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। आम जनता के लिए उनके दफ्तर के दरवाजे सदैव खुले रहेंगे तथा शीघ्र ही जनता दरबार का एक निर्धारित समय तय किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं में गति लाकर जिले को सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर किया जाएगा। इस अवसर पर अपर समाहर्ता ओमप्रकाश मंडल, उप विकास आयुक्त ज्ञान प्रकाश, कोषागार पदाधिकारी, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर