हेमलता नरेंद्र पवार ने जन्मदिन पर निभाई सामाजिक संवेदनशीलता

भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष हेमलता नरेंद्र पवार का जन्मदिन विविध सामाजिक उपक्रमों के साथ मनाया गया

रक्तदान शिविर, नेत्र जांच, कंप्यूटर प्रशिक्षण, महिला स्वास्थ्य जांच के साथ किया वृक्षारोपण

कल्याण । भाजपा जुने कल्याण मंडल महिला मोर्चा व कल्याण विकास फाउंडेशन की अध्यक्षा हेमलता नरेंद्र पवार का जन्मदिन इस वर्ष विविध सामाजिक उपक्रमों के माध्यम से संवेदनशीलता के साथ मनाया गया। इस उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर, नेत्र जांच, महिलाओं के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण, महिला स्वास्थ्य जांच और वृक्षारोपण जैसे उपक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे सामाजिक उत्तरदायित्व की गूंज स्पष्ट रूप से सुनाई दी।

हेमलता नरेंद्र पवार का नाम कल्याण शहर में एक संवेदनशील सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में लिया जाता है। उनके इसी सामाजिक योगदान को ध्यान में रखते हुए उनका जन्मदिन पूरी तरह सामाजिक सरोकारों को समर्पित रहा। दिन की शुरुआत उन्होंने पारनाका स्थित श्री स्वामी समर्थ मंदिर में दर्शन से की। इसके पश्चात वहीं वृक्षारोपण कर पर्यावरण के प्रति अपना दायित्व निभाया। बाद में पारनाका के राजस्थान हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में वे पूर्व विधायक नरेंद्र पवार की प्रमुख उपस्थिति में शामिल हुईं। इस अवसर पर सरस्वती माता, छत्रपति शिवाजी महाराज और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाओं का पुष्पहार अर्पण कर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।

इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव प्रिया शर्मा, मनिषा केळकर, जिला महिला मोर्चा सरचिटणीस प्रीती दीक्षित, जुने कल्याण मंडल के सरचिटणीस विवेक वाणी, नवीन कल्याण महिला मोर्चा की अध्यक्षा भावना मनराजा, उपाध्यक्ष विनोद मुथा, महिला मोर्चा सरचिटणीस अ‍ॅड. अर्चना सबनीस, संध्या निकुंभ, सारिका शाह, जमशेद खान, समृद्धि देशपांडे, सुधीर जोशी, रवी गुप्ता, सदा कोकणे, प्रणव महाजन आदि मान्यवर उपस्थित थे।

इस कार्यक्रम के तहत उमादेवी सीताराम बैरागी हॉस्पिटल व फर्टिलिटी रिसर्च सेंटर के सहयोग से स्त्री रोग विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं की मुफ्त जांच की गई। वहीं अनिल आय हॉस्पिटल द्वारा नेत्र जांच, निकॅड कंप्यूटर अकादमी की ओर से 100 महिलाओं के लिए एक महीने के मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु पंजीकरण किया गया। रक्त की बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए भाजपा जुने कल्याण मंडल की ओर से भव्य रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें कल्याण पश्चिम की सैकड़ों महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हेमलता नरेंद्र पवार को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए राजस्थान हॉल में भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और उत्साह और भी बढ़ गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट