होली होराइजन हाई स्कूल में श्रद्धा व भक्ति के साथ संपन्न हुआ रुद्राभिषेक अनुष्ठान

सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में गूंजे "ॐ नमः शिवाय" के जयघोष

कल्याण। होली होराइजन हाई स्कूल परिसर में एक दिवसीय रुद्राभिषेक अनुष्ठान का आयोजन बड़े श्रद्धा व उत्साह के साथ किया गया। यह आयोजन विद्यालय के संचालक रमाकांत तिवारी "क्षितिज" की अगुवाई में सम्पन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु और विद्यालय परिवार के सदस्य शामिल हुए।

रुद्राभिषेक का आयोजन भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्ति और जनकल्याण की भावना से किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और गणेश वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विधिपूर्वक भगवान शंकर का जल, दूध, दही, शहद, घी और पंचामृत से रुद्राभिषेक किया गया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण शिवमय बना रहा। “ॐ नमः शिवाय” के मंत्रों की ध्वनि से पूरा परिसर गूंज उठा। विद्यार्थियों, अभिभावकों और आसपास के श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान शिव की आराधना की। संचालक रमाकांत तिवारी "क्षितिज" ने कहा कि शिव महिमा अनंत है, और रुद्राभिषेक से न केवल आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सद्भाव का प्रसार भी होता है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करना भी है। कार्यक्रम के अंत में आरती और प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सभी उपस्थित जनों ने सहभागिता की। पूरे आयोजन में विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह भक्ति आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए एक प्रेरणादायी क्षण बन गया और आने वाले समय में ऐसे और आयोजनों की आशा व्यक्त की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट