
कल्याण में भारत स्काउट-गाइड की मंडल सभा संपन्न, राज्य पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Aug 04, 2025
- 55 views
कल्याण : भारत स्काउट-गाइड स्थानिक संस्था, कल्याण की वार्षिक मंडल सभा का भव्य आयोजन यशोदा हॉल कल्याण पश्चिम में किया गया। इस महत्वपूर्ण सभा की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष डॉ. विजय पंडित ने की जिसमें कुल 30 स्काउट-गाइड मास्टर-कॅप्टन एवं 34 राज्य पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थी विशेष रूप से उपस्थित थे।
सभा की शुरुआत संस्था के महासचिव दिलीप तडवी के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने उपस्थित मान्यवरों, स्काउट-गाइड प्रशिक्षकों और विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए संस्था के सतत कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। सभा में वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तावित मासिक कार्यक्रमों, प्रशिक्षण शिविरों, कार्यशालाओं और सामाजिक उपक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। अध्यक्ष डॉ. विजय पंडित ने सभी विषयों पर विचार-विमर्श के उपरांत उपयुक्त निर्णयों को अनुमोदन प्रदान किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संस्था का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्यरत रहना है, और स्काउट-गाइड गतिविधियाँ इसी दिशा में एक मजबूत आधार प्रदान करती हैं। डॉ. पंडित ने सभी मास्टर-कॅप्टन और स्काउट-गाइड विद्यार्थियों से इस वर्ष भी राज्य पुरस्कार प्राप्त करने हेतु सतत अभ्यास व प्रयत्नशील रहने का आह्वान किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि संस्था की ओर से आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी इस प्रतिष्ठित उपलब्धि को प्राप्त कर सकें। सभा के विशेष आकर्षण का केंद्र वह क्षण रहा जब वर्ष 2024 में राज्य पुरस्कार प्राप्त करने वाले 34 विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया। इन विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका गौरव किया गया। उपस्थितों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ युवा प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया। सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी शैक्षणिक वर्ष में कल्याण क्षेत्र के सभी विद्यालयों में स्काउट-गाइड से संबंधित नये उपक्रम, प्रशिक्षण कार्यक्रम और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिससे अधिकाधिक विद्यार्थियों तक यह आंदोलन पहुँच सके। महासचिव दिलीप तडवी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ठाणे जिले में कल्याण की स्थानिक स्काउट-गाइड संस्था सदैव अग्रणी रही है। हमारे प्रशिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत तथा संस्था की प्रतिबद्धता के कारण यह संस्था ठोस परिणाम देने में सफल रही है। हमें विश्वास है कि भविष्य में भी हमारा कार्यक्षेत्र और प्रभाव और भी व्यापक होगा। सभा में प्रमुख रूप से सहाय्यक जिला आयुक्त स्काउट जगन्नाथ सपकाळे, संस्था के उपाध्यक्ष उत्तम गायकवाड, सहसचिव निवेदिता कोराने, सहाय्यक सचिव शशिकांत पाटील, स्काउट व गाइड ट्रेनिंग काउंसलर, साथ ही स्काउटर-गाइडर प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने संस्था के कार्यों की सराहना की और अपने सुझाव भी रखे। कार्यक्रम के अंत में महासचिव दिलीप तडवी ने सभा के सफल आयोजन हेतु सभी सहभागियों, शिक्षकवृंद, विद्यार्थियों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए सभा के समापन की घोषणा की।
रिपोर्टर