निगरानी की टीम ने एसडीएम कार्यालय के आदेशपाल को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार


 रोहतास । एसडीएम कार्यालय बिक्रमगंज के आदेशपाल बिनोद कुमार ठाकुर को भूमि विवाद के मामले में निपटारा के लिए एक लाख 16 हजार रुपया रिश्वत लेने के आरोप में मंगलवार को दोपहर 12 बजे निगरानी विभाग पटना की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। निगरानी विभाग के पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के धनगाईं निवासी राकेश कुमार द्वारा निगरानी विभाग में एक परिवाद दायर किया गया था। जिसमें कहा गया है कि भूमि विवाद का एक मामला भूमि सुधार उपसमाहर्ता बिक्रमगंज के न्यायालय में लंबित है। जिस मामले में निपटारा के लिए एसडीएम कार्यालय के आदेशपाल बिनोद कुमार ठाकुर के द्वारा एक लाख 16 हजार रुपया रिश्वत की मांग की गई है। इस मामले के सत्यापन किए जाने के बाद टीम मंगलवार को दोपहर बिक्रमगंज पहुंची। जहां परिवादी राकेश कुमार के द्वारा अनुमंडल कार्यालय के एक कमरे में आदेशपाल बिनोद कुमार ठाकुर से बात करते देखा गया। इस दौरान छापेमारी की गई। जिसमें जिस टेबल पर आदेशपाल बैठा था उस टेबल पर भूमि विवाद से संबंधित फाइल तथा फाइल में एक लाख 16 हजार रुपया बरामद किया गया। इस मामले में आदेश पाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिवादी का कहना है कि आदेशपाल पैसा अपने हाथ में न लेकर बोले कि यहां सीसीटीवी कैमरा है,पैसा फाइल में छिपाकर पीछे टेबल पर रख दीजिए। टेबल पर रखे पैसा का सत्यापन किया गया तो पैसा निगरानी विभाग द्वारा मार्किंग किया हुआ पाया गया। उन्होंने ने बताया कि यह पैसा वरीय अधिकारी के नाम पर मांग की गई थी जिसकी छानबीन की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट