कानून जानो,बचपन बचाओ अभियान के तहत बच्चों को किया जागरूक

बाल अधिकारों व संरक्षण के कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी, बाल विवाह और बाल शोषण के खिलाफ आवाज उठाने की सचिव किया अपील

ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट 

शिवहर :--- सुरक्षित बचपन अभियान के तहत शुक्रवार को उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय सुंदरपुर खरौना में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय 'कानून जानो, बचपन बचाओ' रहा। इस दौरान छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, बाल संरक्षण और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। वही यह कार्यक्रम  राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा)के निर्देशन तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार संजय अग्रवाल के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें जिला अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ललन कुमार रजक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण,


गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सम्मान और विकास का अधिकार प्राप्त है। बाल विवाह, बाल शोषण और बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार को रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। किसी भी तरह के शोषण, उत्पीड़न अथवा अन्याय की स्थिति में चुप रहने के बजाय उचित प्राधिकार से सहायता लेनी चाहिए। बच्चों के संरक्षण के लिए अभिभावकों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। वही कार्यक्रम में न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सैयद अमीर अली एवं न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय श्रेणी चंदन कुमार ने भी विद्यार्थियों को कानून के महत्व और बाल अधिकारों से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी होने से बच्चे अपने अधिकारों को समझ सकते हैं और किसी भी प्रकार के शोषण एवं अन्याय के विरुद्ध आवाज उठा सकते हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक डीके झा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बच्चों को जागरूक और सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। वही कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक की ओर से अतिथियों को बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही  जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बताया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता अथवा समस्या के लिए कार्यालय के संपर्क नंबर 7070092435, नालसा हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और पुलिस हेल्पलाइन 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट