भिवंडी मनपा कर्मचारियों को मिलेगा 14,200 रुपये का दिवाली बोनस
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 12, 2025
- 348 views
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका प्रशासन ने इस साल अपने कर्मचारियों की दिवाली और भी खुशहाल बना दी है। प्रशासक एवं आयुक्त अनमोल सागर ने महानगर पालिका के सभी स्थायी कर्मचारियों को 14,200 रुपये सानुग्रह अनुदान (बोनस) देने की घोषणा की है। इस निर्णय से मनपा कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है। आयुक्त सागर ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पालिका प्रशासन ने कर्मचारियों की सेवाओं और उनके परिश्रम को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। उन्होंने लेखा एवं वित्त विभाग को निर्देश जारी किए हैं कि बोनस की राशि समय पर प्रत्येक पात्र कर्मचारी के बैंक खाते में जमा की जाए, ताकि दिवाली त्योहार से पहले कर्मचारियों को राहत मिल सके। भिवंडी मनपा के करीब चार हजार से अधिक कर्मचारी इस बोनस का लाभ उठाएंगे। इसमें स्थायी कर्मचारी, लिपिक वर्ग, सफाई कर्मचारी, पालिका शिक्षक और तकनीकी स्टाफ शामिल हैं। पालिका प्रशासन का कहना है कि बोनस वितरण से कर्मचारियों में कार्य के प्रति उत्साह बढ़ेगा और त्योहार के दौरान आर्थिक सहयोग भी मिलेगा।प्रशासक अनमोल सागर ने कहा कि महानगर पालिका की सीमित आर्थिक स्थिति के बावजूद कर्मचारियों के मनोबल को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है। उनका कहना है कि महानगर पालिका की सभी सेवाओं को सुचारु रखने में कर्मचारियों की भूमिका अहम है और दिवाली के अवसर पर उन्हें यह प्रोत्साहन देना आवश्यक है। इस घोषणा के बाद कर्मचारियों ने प्रशासक के निर्णय का स्वागत किया है। कर्मचारी संगठनों ने कहा कि यह बोनस न केवल आर्थिक राहत देगा, बल्कि मनपा प्रशासन और कर्मचारियों के बीच समन्वय भी मजबूत करेगा।


रिपोर्टर