चाकू हत्याकांड मामले में 24 घंटे के भीतर तीन गिरफ्तार, छापेमारी दल सक्रिय

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- मोहनियां चाकू हत्याकांड में शामिल 3 अपराधियों को पुलिस ने 24 के घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कैमूर ने प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि 21 अक्टूबर 2025 की दोपहर मोहनियां थाना अंतर्गत स्टेशन रोड पर सचित कुमार (पुत्र खिचड़ू पासी, वार्ड नं-12, मोहनिया) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात के बाद, मृतक के पिता खिचड़ू पासी के फर्दबयान के आधार पर मोहनिया थाने में 08 नामजद अभियुक्तों सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक, कैमूर (भभुआ) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मोहनिया के नेतृत्व में गठित एक विशेष छापेमारी दल ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। इस दल में अंचल निरीक्षक सुनील कुमार निर्झर, पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष आलोक कुमार (जो अनुसंधानकर्ता भी हैं) और डी.आई.यू. प्रभारी एवं कर्मी शामिल थे। तकनीकी और मानवीय आसूचना का संकलन करते हुए इस दल ने घटना में शामिल तीन मुख्य नामजद अभियुक्तों – अमन बारी (पुत्र छोटन बारी उर्फ अमित बारी), भक्कु उर्फ आमिर अली (पुत्र गप्पु गद्दी) और तेजा अली (पुत्र गप्पु गद्दी) – को घटना के 24 घंटे के भीतर गद्दी मुहल्ला, मोहनियां से गिरफ्तार कर लिया है। सभी अभियुक्त मोहनियां के गद्दी मुहल्ला के निवासी हैं। अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास खंगाले जा रहे हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट