परिवर्तन चेतना मंच चुनाव नहीं लड़ेगा, हमेशा गलत का विरोध और जनकल्याण के लिए करेगा काम- रणधीर सिंह
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 11, 2026
- 23 views
रिपोर्ट:अभिषेक तिवारी
रामगढ़ (कैमूर)--- परिवर्तन चेतना मंच (PCM) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन के विस्तार, मजबूती एवं आगामी सामाजिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोगों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में संस्थापक सदस्य अनिस सर, रंजीत सिंह, डब्बू बाबा, चंदन बिंद एवं हनुमान सिंह ने अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने संगठन के उद्देश्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और गांव-गांव तक संगठन का विस्तार करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मंच के संरक्षक रणधीर कुमार सिंहने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परिवर्तन चेतना मंच चुनाव नहीं लड़ेगा और न ही इसका उद्देश्य राजनीतिक सत्ता प्राप्त करना है। PCM एक सामाजिक संगठन है, जो हमेशा गलत का विरोध करेगा और गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए काम करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का विरोध करना नहीं, बल्कि गलत कार्यों, अन्याय, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के खिलाफ आवाज उठाना है। संगठन शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।
रणधीर सिंह ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके पदाधिकारियों में नहीं, बल्कि आम लोगों के विश्वास और सहभागिता में होती है। परिवर्तन चेतना मंच किसी व्यक्ति विशेष का संगठन नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी से चलने वाला सामूहिक सामाजिक अभियान है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे पद और प्रतिष्ठा के पीछे भागने के बजाय समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें और जनसेवा में आगे आएं।
बैठक में युवाओं की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। जयंत, भोलू, अमित, विशाल, रामकांत राम एवं रामलड्डू सहित विभिन्न गांवों से आए युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। युवाओं ने संगठन को पंचायत एवं गांव स्तर तक मजबूत बनाने तथा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देने का संकल्प लिया।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि संगठन केवल बैठकों और नारों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए धरातल पर काम करे।
अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने आपसी एकजुटता, सहयोग और समर्पण के साथ परिवर्तन चेतना मंच को मजबूत बनाने तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक मदद पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक का संदेश : न चुनाव की राजनीति, न व्यक्तिगत स्वार्थ हमारा उद्देश्य समाज सेवा, अन्याय का विरोध और जनकल्याण।


रिपोर्टर