ऐतिहासिक भेलहिया मेला का हुआ समापन
- संदीप मिश्र, ब्यूरो चीफ जौनपुर
- Nov 11, 2026
- 2 views
रामनरेश प्रजापति की रिपोर्ट
समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में छोटे सहयोग और प्रयास की भी भूमिका अहम: सुनील यादव
ऐतिहासिक भेलहिया मेले में निशुल्क पेयजल सेवा के साथ पांचवां सम्मान समारोह आयोजित
जौनपुर। करंजाकला क्षेत्र के गिरधरपुर और औराही गांव के मध्य प्राचीन परंपरा के अनुसार लगने वाले ऐतिहासिक भेलहिया मेले का सोमवार को समापन हुआ। मेले में समाजसेवी विनय कुमार और विशाल विश्वकर्मा की ओर से संयुक्त रूप से श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क पेयजल सेवा की व्यवस्था की गई। इस दौरान पांचवें सम्मान समारोह का आयोजन कर सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 50 समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि करंजाकला के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव मम्मन ने किया। मुख्य अतिथि सुनील यादव मम्मन ने कहा कि समाजसेवा के लिए जरूरी नहीं कि कोई बड़ा कार्य ही किया जाए। छोटे-छोटे सहयोग और प्रयास भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करते हुए समाज के सामने अच्छा उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि प्रशांत सिंह दीपक ने कहा कि गिरधरपुर और औराही गांव के बीच लगने वाले ऐतिहासिक भेलहिया मेले से क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा जुड़ी हुई है। यह मेला प्राचीन काल से आयोजित होता आ रहा है। पूर्वजों ने जिस परंपरा और विरासत को आगे बढ़ाया, उसे नई पीढ़ी को भी उसी भावना के साथ संरक्षित रखना चाहिए। अंत में आयोजक विशाल विश्वकर्मा एवं समाजसेवी विनय कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्वदेश कुमार रामचंद्र, साईं दिव्यांग केयर के संचालक डॉ. लल्लन विश्वकर्मा, सन्नी विश्वकर्मा, प्रधान बीजू राम, अमित कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन रामसागर विश्वकर्मा ने किया।


रिपोर्टर