भिवंडी पालिका के शहर विकास विभाग और सहायक आयुक्त की नाकामी उजागर

अशोक नगर सोसायटी में बिना अनुमति बीम डालकर की जा रही खतरनाक अवैध निर्माण, कार्यवाही शून्य 


भिवंडी। शहर के अशोक नगर क्षेत्र में मनपा अधिकारियों की लापरवाही एक बार फिर खुलकर सामने आई है। अशोक नगर बिल्डिंग नं. A-2, B-2 को-ऑपरेटिव प्रिमाइसेस सोसायटी की ओर से सहायक आयुक्त, प्रभाग समिति क्र. 02 व शहर विकास विभाग को दिए गए लिखित शिकायत पत्र ने भिवंडी पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। शिकायत के मुताबिक बिल्डिंग नंबर A-2, विंग B-2 के फ्लैट नं. 425 में रहने वाले डॉ. संजय यादव की ओर से बिना किसी अनुमति के दोनो इमारतों के बीच का हिस्सा तोड़कर लोहे के BEEM जोड़कर अवैध निर्माण किया जा रहा है। लोहे का भारी वजन के कारण इमारत की संरचना को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। स्थिति इतनी चिंताजनक है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद मनपा के संबंधित विभागों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।सोसायटी पदाधिकारियों का आरोप है कि पालिका आयुक्त और सहायक आयुक्त कार्यालय में यादव द्वारा किए जा रहे इस अवैध और खतरनाक निर्माण को लेकर पूर्व में दी गई शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि अधिकारी जानबूझकर मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। सोसायटी के अनुसार डॉ. यादव के अवैध निर्माण से न केवल इमारत की सुरक्षा खतरे में है, बल्कि आसपास के निवासियों की जान पर भी संकट मंडरा रहा है।सोसायटी ने सहायक आयुक्त से यह भी मांग की है कि तुरंत कार्रवाई कर MRTP अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया जाए तथा अवैध निर्माण तोड़ने के साथ सभी संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। शिकायत के साथ अवैध तोड़फोड़ के फोटो प्रमाण भी संलग्न किए गए है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब शहर विकास विभाग और प्रभाग समिति स्तर का अधिकारी ही नियमों को लागू कराने में विफल साबित हो रहे हैं, ऐसे में शहर की अन्य बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लग जाता है। नागरिकों ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।भिवंडी मनपा में बढ़ती अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के आरोप के बीच यह मामला प्रशासन की निष्क्रियता की एक और गंभीर मिसाल बन गया है। अब देखना यह है कि मनपा अधिकारी जागकर कार्रवाई करते हैं या किसी बड़े हादसे का इंतजार।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट