रामगढ़ में गरजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उपेंद्र कुशवाहा, एनडीए उम्मीदवार अशोक सिंह के लिए मांगा समर्थन

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कैमूर जिले के रामगढ़ में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने एनडीए के उम्मीदवार अशोक सिंह के पक्ष में मतदान करने की जोरदार अपील की। मंच से रक्षा मंत्री ने जहाँ एक ओर पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया, वहीं विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज का भारत एक मजबूत देश है और किसी भी बाहरी ताकत को अपनी सीमाओं पर बुरी नजर नहीं डालने देगा। पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश को अपनी हरकतों से बाज आना चाहिए, क्योंकि भारत अब किसी भी तरह की आतंकवादी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा और जरूरत पड़ने पर सीमा पार जाकर भी कार्रवाई करने से नहीं हिचकेगा। उन्होंने कहा, "यह नया हिंदुस्तान है, जो छेड़ता नहीं है, लेकिन छेड़ने पर छोड़ता भी नहीं है।"

विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार ने देश को विकास और सुशासन के पथ पर आगे बढ़ाया है, जबकि विपक्षी दल केवल जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एनडीए गठबंधन प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगा और विकास की गति को और तेज करेगा।

इस अवसर पर आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के विकास और सुशासन के लिए एनडीए की जीत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में एनडीए की सरकार मिलकर बिहार को एक नई ऊंचाई पर ले जा रही है। कुशवाहा ने रामगढ़ उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी अशोक सिंह के लिए समर्थन मांगते हुए कहा कि उनकी जीत से क्षेत्र में विकास के कार्यों को और बल मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर एनडीए की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से जनता से एनडीए उम्मीदवार अशोक सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की, ताकि रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र का चौमुखी विकास सुनिश्चित हो सके। इस चुनावी सभा में एनडीए के कई स्थानीय नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आम लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट