पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास पर छात्रों ने रखे विचार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 22, 2026
- 9 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी। जगजीवन कॉलेज के भूगोल विभाग की ओर से स्नातकोत्तर भूगोल के विद्यार्थियों के लिए बीसीए सेमिनार हॉल में शैक्षणिक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “पर्यावरण प्रबंधन एवं सतत विकास में भूगोल की भूमिका” था। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार और तर्क प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में रितिक राज ने प्रथम, सुशांत राज ने द्वितीय और रौशन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में गया कॉलेज के डॉ. सोमनाथ, जगजीवन कॉलेज के हिंदी विभाग के डॉ. प्रदीप कुमार, दर्शनशास्त्र विभाग की डॉ. संगीता कुमारी और गणित विभाग के डॉ. धर्मेंद्र कुमार शामिल रहे।
भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. अंकना के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी पाठ्यक्रम के साथ कौशल संवर्धन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज और स्वयं के प्रति संवेदनशील बनाने पर जोर दिया गया है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. मनीष कुमार सिंह ने कहा कि कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में ऐसे कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए भूगोल विभाग को बधाई दी।
भूगोल विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सत्येंद्र सिंह चंद्र ने कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में प्रतियोगिता के प्रति उत्साह यह दर्शाता है कि वे अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं। भूगोल विभाग विद्यार्थियों के हित में ऐसे कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अनुरानी, डॉ. शिवकुमार रविदास, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. नारायण कुमार सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


रिपोर्टर