मजदूर लाने के बहाने बुलाए गए सुपरवाइजर का अपहरण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 20, 2026
- 1 views
रोहतास पुलिस ने जंगल से सकुशल बरामद किया
परिजनों से मांगी गई थी फिरौती, एक अपहरणकर्ता गिरफ्तार; दो अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
रोहतास। मजदूरों को काम पर लाने के लिए रोहतास पहुंचे गुजरात में कार्यरत लेबर सुपरवाइजर के अपहरण की सूचना पर रोहतास पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे कैमूर जिले से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।रोहतास के पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को नौहट्टा थाना के सरकारी मोबाइल पर सूचना मिली थी कि कानपुर निवासी 50 वर्षीय विवेक अवस्थी, जो गुजरात में रहकर लेबर सुपरवाइजर का काम करते हैं, मजदूर लाने के सिलसिले में रोहतास आए थे। इसी दौरान उनका और उन्हें मजदूर उपलब्ध कराने वाले एक अन्य व्यक्ति का अपहरण कर लिया गया।
हाथ-पैर बंधे फोटो भेजकर मांगी गई फिरौती
सूचक की ओर से पुलिस को व्हाट्सऐप के माध्यम से जंगल में हाथ-पैर बंधे दोनों व्यक्तियों की तस्वीर भी उपलब्ध कराई गई। सूचना में बताया गया कि विजय उरांव के मोबाइल नंबर से फोन कर धमकी दी गई थी कि पैसे नहीं देने पर गोली मार दी जाएगी या अपहृतों को काटकर फेंक दिया जाएगा।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अंचल निरीक्षक, अमझोर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में नौहट्टा थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रविंद्र कुमार, रोहतास थाना के पुलिस अवर निरीक्षक राकेश कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
कैमूर के गुल्लू गांव से सकुशल बरामदगी
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कैमूर जिले के लोहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुल्लू गांव से अपहृत विवेक अवस्थी को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान मामले में संलिप्त विजय उरांव को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विजय उरांव पूर्व में विवेक अवस्थी के साथ काम कर चुका था। विवेक अवस्थी उसके कहने पर ही नौहट्टा आए थे। आरोप है कि इसके बाद विजय उरांव ने अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर साजिश के तहत अपहरण की घटना को अंजाम दिया और विवेक अवस्थी के परिजनों से पैसे की मांग की।
प्राथमिकी दर्ज, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में नौहट्टा थाना कांड संख्या 246/26, दिनांक 19 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(2)/140(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रेतर अनुसंधान एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


रिपोर्टर