भिवंडी में चलते ट्रक में अचानक लगी आग, ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

निर्माणाधीन ब्रिज पर जा रही जेसीबी की मदद से बुझाई गई आग

भिवंडी। मुंबई नाशिक हाइवे पर भिवंडी तालुका के वडपे नाका क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब खाली कैरेट लेकर जा रहे ट्रक में अचानक आग भड़क उठी। ट्रक ड्राइवर अमजद ने बताया कि उनका ट्रक कल्याण से खाली कैरेट लोड कर मध्यप्रदेश के लिए रवाना हुआ था। हाईवे पर आगे बढ़ते समय उन्हें अचानक वाहन के पिछले हिस्से से धुआं उठता दिखा, जिसके बाद उन्हें गाड़ी में आग लगने का एहसास हुआ।

स्थिति की गंभीरता समझते हुए अमजद ने बिना किसी देरी के ट्रक को सुरक्षित स्थान की ओर मोड़ दिया। उन्होंने हाईवे के पास स्थित उस जगह पर ट्रक ले जाकर रोका, जहां सड़क और ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा था। वहाँ मौजूद श्रमिकों और मशीन ऑपरेटरों ने तुरंत मदद की। निर्माण स्थल पर मौजूद जेसीबी मशीन की सहायता से ट्रक पर मिट्टी डाली गई, जिससे आग पर जल्द काबू पा लिया गया। ड्राइवर की त्वरित सूझबूझ और निर्माण कार्य कर रही टीम की तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा होने से बच गया। इस घटना में ट्रक का कुछ हिस्सा और कैरेट पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।स्थानीय प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट