जमीनी विवाद में लहू-लुहान हुए रिश्ते, धान कटनी के दौरान भाई ने भाई की लाठी-डंडे से पीटकर की हत्या
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Dec 07, 2025
- 121 views
रामगढ़ थाना क्षेत्र के सदुल्लहपुर गांव की घटना
एसडीएम कोर्ट में चल रहा था दोनों भाइयों के बीच मुकदमा,मारपीट में 4 अन्य लोग भी घायल, पुलिस कर रही छापेमारी
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
रामगढ़ (कैमूर)-- जिले के रामगढ़ थाना अंतर्गत सदुल्लहपुर गांव में रविवार को जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। यहां जमीन के एक टुकड़े के लिए सगे भाई ने ही भाई की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, सदुल्लहपुर निवासी तारकेश्वर बिंद और हीरामन बिंद सगे भाई हैं। दोनों के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था और यह मामला एसडीएम कोर्ट में भी विचाराधीन है। बताया जाता है कि रविवार को विवादित खेत में धान की कटाई चल रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि लाठी-डंडे चलने लगे। इस खूनी संघर्ष में हीरामन बिंद पक्ष ने तारकेश्वर बिंद की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए परिवार के चार अन्य सदस्य भी इस मारपीट में घायल हो गए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। मृतक के पुत्र विनोद बिंद ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया एसडीपीओ प्रदीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से आरोपी पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस गांव में कैंप कर रही है ताकि कोई और विवाद न हो। मौके पर पहुंचे मोहनिया एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि धान की कटाई के दौरान दो भाइयों के बीच लाठी-डंडे से मारपीट हुई थी, जिसमें तारकेश्वर बिंद की मृत्यु हो गई है। मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर अभियुक्तों को चिन्हित कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


रिपोर्टर