विवाहिता से मारपीट कर गहने लूटे, ससुराल पक्ष के सात लोगों पर केस
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 15, 2025
- 52 views
लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर मायके में ली शरण
भिवंडी। भिवंडी शहर में एक विवाहिता के साथ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी देने और सोने के गहने छीनने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में उसके पति सहित ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय पीड़िता आजमी नगर इलाके की रहने वाली है। शिकायत में उसने बताया कि 9 नवंबर से उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि उसका पति अरशद अंसारी उसे अपने साथ रखने से इनकार करता था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पति ने उसके तीन से चार तोले सोने के गहने जबरन छीन लिए और उन्हें बेच दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो ससुराल के अन्य सदस्य अनसार अंसारी, फातिमा अंसारी, अमजद अंसारी, आसिफ अंसारी, आबिदा हफीज अंसारी, आयशा साजिद अंसारी और आसमा सईद अंसारी ने भी उसके साथ बदसलूकी की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि सभी आरोपियों ने मिलकर उसे घर से निकालने की कोशिश की और लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इस प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता फिलहाल अपने मायके में रह रही है,भोईवाड़ा पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के कुल सात सदस्यों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2), 351, 352, 318(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक पाटिल कर रहे हैं।


रिपोर्टर