ज्वेलर्स की दुकान से सोने के गहनों की चोरी

गहने दिखाने के बहाने तीन बुर्का धारक महिलाओं ने उड़ाया दो लाख का माल


भिवंडी। भिवंडी शहर में ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाकर तीन बुर्का धारक महिलाओं द्वारा सोने के गहनों की चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता मुकेश मंछालाल चौहान (28) भिवंडी के रोशनबाग नाका, ठाणे रोड स्थित किरण ज्वेलर्स नामक दुकान चलाते हैं। 10 दिसंबर की रात करीब 8.23 बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान तीन अज्ञात महिलाएं, जो काले बुर्के में थीं, दुकान में आईं और सोने के गहने देखने के बहाने दुकानदार से बातचीत करने लगीं। आरोप है कि बातचीत के दौरान महिलाओं ने चालाकी से दुकान में रखे सोने के गहनों का एक डिब्बा चुरा लिया। इस डिब्बे में करीब 17 ग्राम वजन के सोने के गहने थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। गहने चुराने के बाद तीनों महिलाएं मौके से फरार हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही दुकानदार ने तुरंत भोईवाड़ा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(1) के तहत अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक शिवाजी पाटिल कर रहे हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट