अवैध रसायन भंडारण का भंडाफोड़, 2.30 करोड़ का खतरनाक माल जब्त

बिना अनुमति गोदाम में जमा थे ज्वलनशील रसायन, नारपोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई


भिवंडी। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी तालुका में पुलिस ने खतरनाक रासायनिक पदार्थों के अवैध भंडारण का बड़ा खुलासा किया है। नारपोली पुलिस स्टेशन की टीम ने छापा मारकर एक निजी गोदाम से करीब 2 करोड़ 30 लाख 82 हजार रुपये मूल्य के ज्वलनशील और मानव जीवन के लिए घातक रसायन जब्त किए है। इस मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 14 दिसंबर को दोपहर करीब 1.32 बजे से 3.30 बजे के बीच की गई। भिवंडी तालुका के अरिहंत कंपाउंड, वल दापोड़ा स्थित एक निजी कंपनी के गोदाम में बिना किसी वैधानिक अनुमति के खतरनाक रसायनों का भंडारण किया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में रसायन बरामद किए गए।आरोपी की पहचान मिहिर भाविन गुढका (34) के रूप में हुई है, जो मुंबई के मुंब्रा क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने किसी सक्षम प्राधिकरण से अनुमति लिए बिना रसायनों का संग्रह किया था, जिससे आग लगने, विस्फोट होने, पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ मानव और पशु जीवन को गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।छापेमारी के दौरान गोदाम से केमिकल टैंक, बैरल, ड्रम, बक्से और प्लास्टिक कंटेनरों में भरे खतरनाक रसायन बरामद किए गए। जब्त किए गए माल की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 30 लाख 81 हजार 70 रुपये बताई जा रही है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, विषाक्त रसायन नियम और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए जानबूझकर यह अवैध भंडारण किया गया था।फिलहाल मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक गणेश लक्ष्मी रंगनाथ वडणे के नेतृत्व में की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ये रसायन कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां सप्लाई या इस्तेमाल किया जाना था।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट