भिवंडी में आचार संहिता के दौरान 8.28 लाख रुपये नकद जब्त

भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका की सार्वत्रिक चुनाव प्रक्रिया के तहत लागू आदर्श आचार संहिता के दौरान निगरानी दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.28 लाख रुपये की नकद राशि जब्त की है। यह कार्रवाई 23 दिसंबर की शाम नदीनाका परिसर में की गई।

चुनाव विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, स्थिर निगरानी दल ने शाम 6.38 बजे जांच के दौरान एक चार पहिया वाहन किया सेल्टॉस  कार क्रमांक एमएच 48 डीडी 9324) को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 8 लाख 28 हजार 900 रुपये की नकद राशि पाई गई। जांच के दौरान संबंधित व्यक्तियों से नकदी के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वे न तो कोई संतोषजनक जवाब दे सके और न ही वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाए। इसके बाद दो पंचों की मौजूदगी में पंचनामा कर नकद राशि जब्त कर ली गई। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए यह राशि निजामपुर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक को सौंप दी गई है।

यह कार्रवाई आचार संहिता पथक प्रमुख एवं अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके के मार्गदर्शन में की गई। इस दौरान सहायक पथक प्रमुख समीर जवरे और शाकीब खर्बे के साथ पथक प्रमुख गौतम आनंद भालेराव, पुलिस हवलदार मारोती भागोजी भारती, निखिल सालवे, एजाज शेख और मनोज गुज्जा मौजूद थे। नगरपालिका चुनाव के मद्देनजर प्रशासन द्वारा आचार संहिता के पालन को लेकर निगरानी सख्त कर दी गई है। चुनाव विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों के उल्लंघन पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट