भिवंडी मनपा चुनाव से पहले शहर में हथियारों की बाढ़.

रात में 2 देशी पिस्टल व 3 कारतूस बरामद, तीन गिरफ्तार

भिवंडी। भिवंडी मनपा चुनाव की सरगर्मी के बीच शहर में अवैध हथियारों की लगातार बरामदगी ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में पिछले दो दिन में दो देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हैरानी की बात यह है कि मनपा चुनाव नजदीक आते ही शहर में रोजाना हथियारों की बरामदगी सामने आ रही है, जिससे चुनावी माहौल में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

पहली कार्रवाई शांतिनगर पुलिस थाने की ओर से की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि टेमघर इलाके में कुछ संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर 3 जनवरी की रात करीब 9.30 बजे पुलिस ने छापेमारी कर आकाश कुमार बनराज भारतीय (20) और राजेश बनराज भारतीय (21) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 20 हजार रुपये कीमत की स्टील बॉडी की देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मूल निवासी बताए जा रहे हैं और फिलहाल भिवंडी में रह रहे थे।

दूसरी कार्रवाई कोनगांव पुलिस थाने की ओर से की गई। 3 जनवरी की रात करीब 9 बजे अस्मिता कंपाउंड, खाड़ी इलाके में पुलिस ने नासिर अंसार शेख (23) को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से करीब 16 हजार रुपये कीमत की लोहे की देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर घूम रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन सकता था।

    दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और भारतीय हथियार अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार उन्हें कहां से मिले और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। मनपा चुनाव को देखते हुए लगातार हो रही हथियारों की बरामदगी को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।  पुलिस विभाग के सुत्रो का कहना है कि चुनाव के मद्देनज़र शहर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की गई है तथा आने वाले दिनों में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराए जा सकें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट