सीएमओ ने मुख्यमंत्री जन-आरोग्य मेले का किया निरीक्षण, गोड़हरा पीएचसी जनपद का सर्वश्रेष्ठ घोषित
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Jan 11, 2026
- 35 views
आजमगढ़ मुख्यमंत्रीजन-आरोग्यमेले की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने विकास खंड मार्टीनगंज एवं ठेकमा के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकीय सेवाओं, स्टाफ की उपस्थिति, दवा वितरण एवं स्वच्छता व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।ठेकमा ब्लॉक अंतर्गत गोड़हरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित मुख्यमंत्री जन-आरोग्य मेला एवं केंद्र की व्यवस्थाएं उत्कृष्ट पाई गईं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने गोड़हरा पीएचसी को जनपद का सर्वोत्तम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बताते हुए उसकी स्वच्छता, सुव्यवस्थित संचालन एवं सेवा गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को इसी तर्ज पर अपने-अपने केंद्रों को विकसित करने के निर्देश दिए।वहीं मार्टीनगंज ब्लॉक के बरौना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान ओपीडी सेवाएं संचालित पाई गईं। साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकांश केंद्रों पर चिकित्सक एवं फार्मासिस्ट अपनी ड्यूटी पर उपस्थित मिले, जबकि कुछ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में दिनांक 11 जनवरी 2026 को कुल 77 स्थानों पर मुख्यमंत्री जन-आरोग्य मेला आयोजित किया गया, जिसमें 2713 मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-आरोग्य मेला शासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसके संचालन में गुणवत्ता, अनुशासन और पारदर्शिता सर्वोपरि है।


रिपोर्टर