पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में हुई चोरी का किया खुलासा, चोरी के सामान के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jan 12, 2026
- 225 views
जिला संवाददाता संदिप कुमार
कैमूर:- मोहनिया थाना पुलिस ने वार्ड नंबर-07 स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के गोदाम में हुई चोरी के मामले का उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 10 जनवरी 2026 को वार्ड नंबर-07 निवासी मो० ईरशाद अली के इलेक्ट्रॉनिक दुकान के ऊपर बने गोदाम से चोरों ने टीवी, मिक्सर मशीन, गीजर, फ्रिज और अन्य सामानों की चोरी कर ली थी, जिसके बाद 11 जनवरी को मोहनिया थाना में कांड संख्या- 25/26, धारा- 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, मोहनिया के कुशल निर्देशन में पुलिस टीम ने मानवीय सूचना संकलन और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी में संलिप्त अभियुक्त शाहरूख, पिता- गुलाम कादिर (निवासी- वार्ड नं० 07, मोहनिया) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के पास से चोरी किए गए सभी सामान बरामद कर लिए हैं, जिसमें 26 पीस प्लास्टिक की कुर्सी, समर कुल कंपनी का एक स्मार्ट टीवी, हैवल्स कंपनी का एक गीजर, छह पीस मिक्सर मशीन और व्हर्लपूल कंपनी का एक फ्रिज शामिल है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


रिपोर्टर