पंचायत समिति की बैठक में खाद, आरटीपीएस और अवैध खनन पर चर्चा

संवाददाता रामाकांत मिश्र की रिपोर्ट 

रामपुर(कैमूर)-- प्रखंड मुख्यालय स्थित बहुउद्देशीय भवन में मंगलवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख घुरा सिंह यादव ने की, जबकि संचालन बीडीओ दृष्टि पाठक ने किया। बैठक में किसानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़ी कई समस्याओं को जनप्रतिनिधियों ने प्रमुखता से उठाया।

बैठक में सबसे पहले यूरिया खाद की किल्लत और कालाबाजारी का मुद्दा छाया रहा। सदस्यों ने बताया कि सरकारी दर 266 रुपये होने के बावजूद दुकानदार 400 से 450 रुपये में यूरिया बेच रहे हैं। इस पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार मौर्य ने जांच कर दोषी दुकानदारों पर कार्रवाई और खाद विक्रेताओं की बैठक बुलाने का आश्वासन दिया। गेहूं के बीज नहीं जमने की शिकायत पर बीडीओ ने ऐसे बीज विक्रेताओं को ब्लैकलिस्ट करने की बात कही।

बेलांव पंचायत में फार्मर रजिस्ट्री व ई-केवाईसी में आ रही परेशानी, पंचायत सरकार भवन के शौचालय का उपयोग नहीं होने, तथा आरटीपीएस के तहत जन्म प्रमाण पत्र में अवैध वसूली का मुद्दा भी उठा। बीपीआरओ ने जांच कर कार्रवाई की बात कही।

दुर्गावती नदी किनारे मानक से अधिक मिट्टी खुदाई, श्रम कार्ड बनाने में गड़बड़ी, राशन कार्ड और अतिक्रमण जैसी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। बैठक में कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट