राजगढ़ मुख्य समारोह में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने किया झण्डा वंदन
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jan 26, 2026
- 102 views
राजगढ़ । जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस समारोह पूर्वक आयोजित किया गया। पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया एवं सलामी गारद का निरीक्षण कर परेड की सलामी ली। समारोह में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने मुख्यमंत्री के प्रदेश की जनता के नाम जारी संदेश का भी वाचन किया। इस अवसर पर सांसद रोडमल नागर, विधायक राजगढ अमरसिंह यादव, जिला विकास एवं निगानी सदस्य ज्ञानसिंह गुर्जर, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्कूली छात्र-छात्रायें उपस्थित थे मुख्य समारोह में सशस्त्र बल प्लाटून द्वारा हर्ष फायर किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी भी उनके साथ थे। इस समारोह में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरूष), जिला होमगार्ड बल, जिला पुलिस बल (महिला), शौर्य दल की टुकडिय़ों द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई। मुख्य अतिथि ने इस दौरान परेड कमांडर्स का परिचय भी प्राप्त किया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंग-बिरंगी गणवेश में आकर्षक सामूहिक पीटी का भी प्रदर्शन किया गया, जिसको उपस्थित जनसमूह ने ताली बजाकर सराहा। इसके उपरान्त स्वामी विवेकानंद स्कूल, राजेश्वरी कांवेंट स्कूल, कस्तुरबा गांधी छात्रावास, उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। साथ ही कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छापीहेडा, संस्कार पब्लिक स्कूल पचोर के छात्र-छात्राओं ने बैंड की प्रस्तुती दी।
इसके पश्चात जिला पंचायत एवं आजीविका मिशन, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग एवं आत्मा, उद्यान विभाग, वन मण्डल, सर्वशिक्षा विभाग, जिला उद्योग केन्द्र, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग द्वारा अपने-अपने विभागों की योजनाओं को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, सांसद श्री रोडमल नागर, विधायक राजगढ श्री अमरसिंह यादव, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं समाज सेवियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। परेड प्रदर्शन में सीनियर डिवीजन में प्रथम पुरस्कार जिला महिला पुलिस बल, द्वितीय पुरूस्कार जिला पुलिस बल एवं तृतीय पुरस्कार भूतपूर्व सैनिक राजगढ़ को मिला। इसी तरह जूनियर डिवीजन में प्रथम पुरस्कार स्काउट दल सिनियर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, द्वितीय पुरस्कार शौर्य दल एवं तृतीय पुरस्कार रेडक्रास दल सीएम राईज स्कूल राजगढ़ को मिला। इसी तरह सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजेश्वर कान्वेट स्कूल प्रथम स्थान पर, स्वामी विवेकानन्द पब्लिक स्कूल द्वितीय स्थान तथा उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजगढ़़ के विद्यार्थि तृतीय स्थान पर रहे। विभागीय झांकी प्रदर्शन में कृषि विभाग प्रथम, सर्व शिक्षा विभाग द्वितीय स्थान पर एवं पशु पालन एवं डेयरी विभाग तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिन्हें अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।


रिपोर्टर