भभुआं सदर अस्पताल में बाल कैदियों के वाहन पर हमला, बाल सुधार गृह अधीक्षक और सिपाहियों से मारपीट का आरोप
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 05, 2026
- 19 views
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:-- भभुआं सदर अस्पताल में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेडिकल जांच के लिए बाल कैदियों को लेकर पहुंचे बाल सुधार गृह के वाहन पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की गई। बाल सुधार गृह के अधीक्षक और सुरक्षा में तैनात सिपाहियों के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है। घटना में कुछ बाल कैदियों और एक सिपाही को हल्की चोटें आने की जानकारी सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, बाल सुधार गृह के अधीक्षक अजय कुमार कोर्ट के निर्देश पर बाल कैदियों को मेडिकल जांच कराने के लिए अपने वाहन से भभुआ सदर अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल परिसर में मुख्य गेट के समीप वाहन खड़ा था। इसी दौरान वार्ड संख्या 14 की एक महिला अपनी बच्ची का इलाज कराने अस्पताल पहुंची थी। बताया जाता है कि वाहन को पीछे करने के दौरान महिला के साथ संपर्क होने के बाद विवाद शुरू हो गया।
महिला की ओर से गाली-गलौज किए जाने की बात भी सामने आई है। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बाल सुधार गृह के अधीक्षक अजय कुमार के अनुसार, विवाद के दौरान बाइक से तीन लोग मौके पर पहुंचे और वाहन के शीशे तथा सुरक्षा में तैनात सिपाही पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर बाल कैदियों को भगाने की नीयत से आए थे। हालांकि, इस आरोप की पुलिस जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद अस्पताल के सुरक्षा गार्ड और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही भभुआ थानाध्यक्ष अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। बताया गया कि विवाद में शामिल लोग भभुआ वार्ड संख्या 14 के निवासी हैं। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। बाल सुधार गृह के अधीक्षक अजय कुमार ने हमले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बाल कैदियों को भगाने के उद्देश्य से वाहन पर हमला किया गया। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और हमले के पीछे क्या मंशा थी।


रिपोर्टर