जनगणना 2027 की तैयारी में जुटी महानगरपालिका, डिजिटल प्रणाली से होगी गणना
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 04, 2026
- 12 views
भिवंडी। देश की आज़ादी के बाद होने वाली आठवीं जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका द्वारा मंगलवार को महानगरपालिका मुख्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण के लिए जनगणना संचालनालय की ओर से सहायक संचालक प्रविण भगत और वरिष्ठ निरीक्षक (ग्रेड-1) अरुण सालगांवकर की नियुक्ति की गई थी।
मंगलवार 03 फरवरी 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में महानगरपालिका के प्रधान जनगणना अधिकारी एवं आयुक्त, शहर जनगणना अधिकारी व उपायुक्त (प्रशासन), प्रभाग अधिकारी तथा चार्ज अधिकारियों को घर सूचीकरण और समूह गठन से संबंधित जानकारी दी गई। अधिकारियों को आगामी जनगणना प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश समझाए गए।
इस बार की जनगणना की विशेषता यह रहेगी कि पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। इसके लिए जनगणना संचालनालय द्वारा स्वतंत्र सेंसस मैनेजमेंट सिस्टम (सीएमएस) पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके जरिए आंकड़ों का संकलन और प्रबंधन किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके, उपायुक्त (प्रशासन) विक्रम दराडे, सहायक आयुक्त (जनगणना) नितीन पाटील, विभाग प्रमुख (जनगणना) अजीत महाडिक सहित महानगरपालिका के निर्माण व नगररचना विभाग के अभियंता, प्रभाग अधिकारी और कर निरीक्षक उपस्थित थे। महानगरपालिका प्रशासन की ओर से बताया गया कि जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जा रही हैं।


रिपोर्टर