कल्याण में एपस्टीन फाइल्स को लेकर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Feb 07, 2026
- 65 views
‘तात्या विंचू’ और ‘गोरिला’ बने आकर्षण
कल्याण । दुनियाभर में चर्चित एपस्टीन फाइल्स को लेकर देश की राजनीति में भी उबाल आ गया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरते हुए आक्रामक रुख अपनाया है। इसी कड़ी में कल्याण पश्चिम में युवक कांग्रेस की ओर से जोरदार आंदोलन किया गया।
कल्याण पश्चिम के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में तीखी नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान ‘एपस्टीन–मोदी, भाई–भाई’ जैसे आक्षेपार्ह पोस्टर्स भी लहराए गए, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर चक्का जाम करने का प्रयास किया, जिसके चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए बाजारपेठ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए नेताओं में कांग्रेस प्रदेश सचिव नवीन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष शादाब खान सहित कई कार्यकर्ता शामिल हैं।
इस आंदोलन की खास बात यह रही कि प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता प्रसिद्ध मराठी फिल्म ‘झपाटलेला’ के चर्चित पात्र तात्या विंचू की वेशभूषा में नजर आया, जिसने सभी का ध्यान खींचा। इसके अलावा एक अन्य कार्यकर्ता गोरिला की वेशभूषा में भी प्रदर्शन में शामिल हुआ, जो आंदोलन का प्रमुख आकर्षण बना।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब केरल फाइल्स, कश्मीर फाइल्स और बंगाल फाइल्स सामने आई थीं, तब सरकार समर्थक खुश थे, लेकिन अब एपस्टीन फाइल्स में प्रधानमंत्री मोदी का नाम आने की बात सामने आने पर वे चुप क्यों हैं। आंदोलकों ने आरोप लगाया कि इस मामले से देश की छवि और गरिमा को ठेस पहुंच रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पूरे प्रकरण पर देश को स्पष्टीकरण दें या फिर नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। आंदोलन के दौरान नारेबाजी और प्रतीकात्मक वेशभूषा ने पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल को और अधिक गरमा दिया।


रिपोर्टर