कैमूर में चोरों का आतंक: अस्पताल गया था परिवार, पीछे से बेटी की शादी के गहने ले उड़े चोर
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Feb 08, 2026
- 173 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
कुदरा पुलिस पर उठे सवाल; इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
(कैमूर) :- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। वार्ड नंबर 7 में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना तब हुई जब पीड़ित परिवार घर में ताला लगाकर अस्पताल गया हुआ था।पीड़िता ने बताया कि बीती रात करीब 9 बजे परिवार के एक सदस्य की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद पूरा परिवार उन्हें अस्पताल ले गया। सुबह जब भाई खाना बनाने के लिए घर लौटा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था और अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेत नकदी गायब थी।
इस चोरी ने न सिर्फ आर्थिक चोट दी है, बल्कि एक परिवार के सपनों को भी तोड़ दिया है। पीड़ित महिला ने रोते हुए बताया कि ये गहने उन्होंने अपनी बिटिया की शादी के लिए जोड़कर रखे थे। अब बड़ा सवाल यह है कि बेटी के हाथ पीले कैसे होंगे?
घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। हालांकि, स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भारी गुस्सा है। कुदरा थाना क्षेत्र में चोरी की यह कोई पहली वारदात नहीं है। लगातार हो रही इन घटनाओं का खुलासा करने में पुलिस अब तक नाकाम रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।


रिपोर्टर